सफाई कर्मचारियों के शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक उत्थान करना आयोग का है ध्येय

0
338

पलवल। हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक उत्थान करना आयोग का ध्येय है। इसी ध्येय पर आगे बढ़ते हुए अब जहां भी काट्रेक्ट की व्यवस्था है वहां पर भुगतान एस्क्रो एकाउंट के माध्यम से किया जाएगा ताकि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके। उन्होंने यह बात शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उपाध्यक्ष महात्मा गांधी सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत भवन में सफाई कर्मचारियों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं व मांग जानी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए स्टेट लेवल पर एक योजना बनाई जा रही है, जिसके अंतर्गत सफाई कर्मचारियों के लिए वैबसाईट बनाई जाएगी। वैबसाईट पर सफाई कर्मचारियों की एसोसिएशन का पंजीकरण किया जाएगा। सफाई कर्मचारियों के लिए एक टोल फ्री नंबर भी लागू किया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सहायता प्रदान करने के लिए हरियाणा सफाई कर्मचारी कोष भी बनाया जाएगा। आयोग की वैबसाईट पर प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के लिए कार्य करने वाली यूनियनों एवं एसोसिएशनों का पंजीकरण किया जाएगा, ताकि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े हुए सफाई कर्मचारी तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में सफाई कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हुए है। प्रदेश सरकार शीघ्र ही सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की योजना बना रही है। उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की कार्य करने के दौरान कई बार मौत हो जाती है। ऐसे में सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक मदद दने तथा उनके बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता प्रदान करने के लिए आयोग योजना बना रहा है। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए एक कॉल सेंटर भी बनाया जाएगा, जिसपर सफाई कर्मचारी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। आयोग कॉल सेंटर पर आने वाली सभी शिकायतों पर संज्ञान लेगा और उक्त सभी समस्याओं को समय रहते हुए दूर करेगा। हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग प्रत्येक जिले में जाकर सफाई कर्मचारियों की खुले मंच पर समस्याओं को सुन रहा है। इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए है। इस मौके पर पलवल के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार को पुष्प गुच्छ भेट कर स्वागत व्यक्त किया।
अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह ने हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष को जिला प्रशासन की ओर से आश्वस्त करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए एक प्रतिबद्धता, भावुकता एवं ईमानदारी के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं श्रमयोगी मानधन व राष्ट्रीय पेंशन योजना के बारे में भी उपाध्यक्ष को अवगत कराया।इस अवसर पर पलवल के उपमंडल अधिकारी (ना.) जितेंद्र कुमार, डीएसपी सुनील कादियान, तहसीलदार रोहताश, सिविल सर्जन डा. प्रदीप शर्मा, डीईओ अशोक बघेल, परिवहन विभाग के वक्र्स मैनेजर जितेंद्र यादव, नगर परिषद पलवल के कार्यकारी अधिकारी डा. विजयपाल यादव, होडल नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता मनेंद्र सिंह सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here