पलवल : जैसे जैसे विधानसभा चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है मुख्यमंत्री के निवर्तमान राजनीतिक सचिव एवं भाजपा के दमदार प्रत्याशी दीपक मंगला का काफिला जीत की ओर बढ़ता जा रहा है। काफिले में क्षेत्र के दिग्गज बढ़ते जा रहे हैं, जिससे विपक्षी खेमे में खलबली मची है। पूर्व विधायक एवं इनेलो नेता सुभाष चौधरी, एक इनेलो के पूर्व जिला अध्यक्ष तुही राम भारद्वाज, जजपा की महिला जिला अध्यक्ष लता शर्मा, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नेता नेत्रपाल तवर, इनेलो नेता देवी राम सैनी, ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष शंभू पहलवान, गिर्राज पाठक, कांग्रेस नेता प्रवीण शर्मा, पूरन भारद्वाज, प्रमोद मावई जैसे कई दिग्गजों ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं दीपक मंगला ने पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया तथा पूरा सम्मान देने का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से सुभाष चौधरी को लेकर काफी संशय की स्थिति बनी हुई थी। कांग्रेस प्रत्याशी करण दलाल भी सुभाष चौधरी के घर जा चुके थे परंतु सुभाष चौधरी ने भाजपा में अपनी आस्था जताई।
इस मौके पर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा ने सबका साथ सबका विकास के मुद्दे पर कार्य किया है। विपक्षी दलों के लोग विकास की बातें तो करते रहे परंतु विकास कैसे हुआ कहां हुआ यह किसी को नहीं समझ आया। उन्होंने कहा कि विकास करके दिखाना पड़ता है जो भाजपा ने पिछले 5 वर्षों में जनता को दिखाया है। 5 वर्षों में ही पलवल क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए, जिनसे क्षेत्र की दिशा ही बदल गई। आज राजमार्ग, लिंक मार्ग यह गलियां हो सभी पर सरकार ने कार्य किया। पानी की सुविधा हो या बिजली आपूर्ति लोगों को अब कोई दिक्कत नहीं है। आगे भी सरकार इसी प्रकार जनता की भलाई के लिए कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भय और आतंक का माहौल देने वाले पलंबासुर से जनता को छुटकारा पाना है और भाजपा प्रत्याशी दीपक मंगला को भारी मतों से विजई बनाना है।
दीपक मंगला ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए विकास के साथ-साथ बेरोजगारों को रोजगार दिया और भ्रष्टाचार को खत्म किया। प्रदेश में पिछले 5 साल में 72000 बेरोजगारों को बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई। इनमें पलवल क्षेत्र से भी सैकड़ों बेरोजगारों को सरकारी नौकरी मिली है। इसी प्रकार क्षेत्र के गांव दूधौला में विश्वकर्मा हरियाणा कौशल विश्वविद्यालय स्थापित करके युवाओं को कौशल प्रदान कर सक्षम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी साथ ही पार्टी में शामिल हुए हैं उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
तुहीराम भारद्वाज आदि ने रेलवे रोड स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का दामन थामा, वहीं पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने सांची ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का दामन थामा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा भी मौजूद थे।
कार्यक्रमों में पार्टी जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, पार्टी नेता सुभाष कत्याल, वीरपाल दीक्षित, गौरव गौतम, डॉक्टर हरेंद्र पाल राणा, मेहर चंद गहलोत, सतवीर पटेल, पवन अग्रवाल, समुंदर भाखड़, महिंद्र भड़ाना, वीरेंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, प्रमोद शर्मा, सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोग मौजूद थे।