दावोस: कार कंपनी रेनॉ के प्रमुख कार्लोस घोसन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्रांस के वित्त मंत्री ने कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक से पहले यह जानकारी दी। कंपनी का निदेशक मंडल बृहस्पतिवार को घोसन के उत्तराधिकारी की नियुक्ति का फैसला लेगा।
फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ली मैरे ने एजेंसी को बताया कि कंपनी के निदेशक मंडल के एक वरिष्ठ सदस्य को ‘‘पिछली रात ही घोसन का त्यागपत्र मिला है।’’ घोसन अभी भी जापान में हिरासत में हैं। रेनॉ का निदेशक मंडल बृहस्पतिवार को पेरिस के पास कंपनी के मुख्यालय में बैठक करेगा।
संभावना है कि कंपनी के अंतरिम मुख्य कार्यकारी थिएरी बोल्लोर को कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाए जाने का निर्णय लिया जाए। इसके अलावा टायर बनाने वाली कंपनी मिशेलिन के प्रमुख जेन-डोमिनिक्यम सेनार्ड को रेनॉ का चेयरमैन बनाया जा सकता है।
घोसन के पास यह दोनों पद की जिम्मेदारी थी। मंगलवार को उनकी दूसरी जमानत याचिका भी रद्द कर दी गई जिसके बाद उनके अभी कई महीनों तक जेल में ही रहने का ही अनुमान है। घोसन कार कंपनी निसान के भी प्रमुख रहे हैं। पिछले साल अपनी आय को कम करके दिखाने के चलते जापान में उन पर मामला चला और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उसके बाद से वह हिरासत में हैं।