लंदन: लंदन में जारी जलवायु परिवर्तन प्रदर्शनों के दौरान करीब 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनों से राजधानी लंदन में जनजीवन जैसे थम सा गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। प्रदर्शनकारियों ने सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू करते हुए सोमवार को एक पुल और प्रमुख मध्य सड़क चौराहों को जाम कर दिया। यूरोप के अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शन की घटनाएं हुई हैं। इक्स्टिंगशन रिबेलियन नामक संगठन ने इन प्रदर्शनों का आयोजन किया। पिछले साल, शिक्षाविदों ने ब्रिटेन में इस समूह का गठन किया था और यह विश्व के सबसे तेजी से बढ़ने वाला पर्यावरणीय अभियानों में से एक बन गया है। लंदन के मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम तक 290 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बयान में बताया, ‘हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले हफ्तों में प्रदर्शन जारी रहेगा।’
वॉटरलू ब्रिज पर प्रदर्शन करनेवाले दर्जनों प्रदर्शनकारियों को अरेस्ट किया गया। इसके साथ ही कुछ लोग सड़कों पर भी तख्ती लेकर नारे लगा रहे थे। 5 लोगों को सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में भी अरेस्ट किया गया है।